फरीदाबाद: दिल्ली से मथुरा रेल रूट पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने संयुक्त रूप से विशेष चेकिंग अभियान चलाया है। यह अभियान आरपीएफ महानिदेशक सोनाली मिश्रा के निर्देश पर सुरक्षा सतर्कता बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सघन जांच
अभियान के तहत ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन, बल्लभगढ़, असावटी और पलवल जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों और उनके सामान की गहन जांच की गई। डॉग स्क्वायड टीम ने भी इस दौरान सक्रिय भूमिका निभाई और संदिग्ध वस्तुओं की जांच की।
सुरक्षा एजेंसियां मिलकर कर रहीं निगरानी
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी श्रवण कुमार के अनुसार, हाल ही में जीआरपी अंबाला मुख्यालय से मिले अलर्ट के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है। इसी के तहत आरपीएफ और जीआरपी मिलकर लगातार संयुक्त चेकिंग अभियान चला रहे हैं।
डॉग स्क्वायड की मदद से बढ़ी सतर्कता
डॉग स्क्वायड टीम नियमित रूप से प्लेटफॉर्म, ट्रेनों और यात्रियों के सामान की जांच कर रही है। इस दौरान डस्टबिन, पार्सल और संदिग्ध वस्तुओं की भी विशेष रूप से तलाशी ली जा रही है।
यात्रियों की सुरक्षा प्राथमिकता
अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को मजबूत करना है। अप और डाउन दोनों दिशाओं में चलने वाली सभी यात्री ट्रेनों की सघन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।