अजमेर (राजस्थान)। अजमेर जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया। बोराड़ा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुरा गांव के पास एक चलती कार में अचानक आग लग गई, जिसमें पूर्व सरपंच दंपती सहित चार लोगों की जलकर मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ।

मां को अस्पताल ले जा रहे थे पूर्व सरपंच

जानकारी के अनुसार, श्रीरामपुरा गांव के पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी अपनी मां और जिला परिषद सदस्य पूसी देवी को सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल लेकर जा रहे थे। कार में उनकी पत्नी पूर्व सरपंच सुरज्ञान देवी और भांजी महिमा भी मौजूद थीं।

अचानक लगी आग, बाहर निकलने का मौका नहीं मिला

रास्ते में चलते-चलते कार में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना तेज था कि रामसिंह चौधरी, उनकी पत्नी और भांजी समय रहते बाहर नहीं निकल सके और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

गंभीर रूप से झुलसी पूसी देवी को स्थानीय लोगों ने किसी तरह बाहर निकाला, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

मौके पर मचा हड़कंप, पुलिस जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही बोराड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी मानी जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

पूरे इलाके में शोक की लहर

इस दर्दनाक हादसे के बाद श्रीरामपुरा गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। अजमेर एसपी हर्षवर्धन अगरवाला भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को गहन जांच के निर्देश दिए हैं।