पटियाला के रेलवे कॉलोनी इलाके में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब डीसीडब्ल्यू पुल के पास कूड़े के ढेर में पड़े एक नीले ड्रम से युवती का शव बरामद हुआ। पुलिस ने मृतका की पहचान 20 वर्षीय नेहा, निवासी गोपाल कॉलोनी के रूप में की है। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, नेहा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की रहने वाली थी और पिछले कुछ समय से अपने परिवार के साथ पटियाला में रह रही थी। बताया जा रहा है कि वह सोमवार से घर से लापता थी, जिसके बाद परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी।

मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने कूड़े के ढेर में पड़े नीले ड्रम से तेज दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना अर्बन एस्टेट की टीम मौके पर पहुंची और जब ड्रम खोला गया तो अंदर युवती का शव मिला। शव को प्लास्टिक के ड्रम में बंद कर ढक्कन से सील किया गया था।

पहले शव की पहचान नहीं हो सकी थी, जिसके बाद उसे राजिंदरा अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया। बाद में मृतका के हाथ पर बने टैटू और अन्य पहचान चिन्हों के आधार पर उसकी शिनाख्त नेहा के रूप में हुई। उसके बाएं हाथ पर अंग्रेजी में “नेहा” लिखा था, जबकि दूसरे हाथ पर नाम के अक्षरों और दिल का टैटू बना हुआ था।

पुलिस के अनुसार, मृतका के चेहरे पर खरोंच के निशान पाए गए हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि उसकी गला दबाकर या मुंह दबाकर हत्या की गई हो सकती है। हाथों पर खून के निशान भी मिले हैं। हालांकि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा।

डीएसपी सिटी वन जंगजीत सिंह रंधावा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संकेत मिल रहे हैं कि युवती की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को ड्रम में बंद कर सुनसान जगह पर फेंका गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

थाना प्रभारी के अनुसार, नेहा पहले शादीशुदा थी लेकिन बाद में पति से अलग रह रही थी। परिजनों ने बताया कि वह पहले भी कई बार बिना बताए घर से चली जाती थी, लेकिन इस बार मामला दुखद साबित हुआ। पुलिस ने केस दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।