संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के अपमान के खिलाफ कांग्रेस ने आज जोरदार प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कंपनी बाग स्थित शहीद स्मारक से अंबेडकर सर्कल तक पैदल मार्च निकाला गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की और अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा और गृहमंत्री अमित शाह पर संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा संविधान को कमजोर करने और आरक्षण खत्म करने की साजिश कर रही है। जूली ने कहा कि अमित शाह द्वारा संसद में बाबा साहेब के खिलाफ दिए गए बयान को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने मांग की कि अमित शाह तत्काल इस्तीफा दें।
उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ धक्का-मुक्की भाजपा की लोकतंत्र विरोधी मानसिकता को उजागर करती है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रेस वार्ता पर बोलते हुए जूली ने कहा- मुख्यमंत्री दिल्ली से अबकी बार प्रेसनोट का पन्ना लेकर आए और झटपट बाबा साहेब के बारे में बोलकर खानापूर्ति कर गए। जूली ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रेस कॉन्फ्रेंस में संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के बारे में कम बोले और प्रधानमंत्री और अन्य नेताओं का स्तुतिगान अधिक किया। गौरतलब है कि आज प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा था कि विपक्ष अपनी भूमिका निभाने में नाकाम रहा है।
इस पैदल मार्च में हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। पैदल मार्च के बाद कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अमित शाह के बयान की निंदा करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की गई। कंपनी बाग स्थित शहीद स्मारक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अंबेडकर सर्कल पर समाप्त हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लिया। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जब तक अमित शाह माफी नहीं मांगते और इस्तीफा नहीं देते, तब तक देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।