मोकामा के जदयू विधायक और बाहुबली के रूप में चर्चित अनंत सिंह सोमवार शाम को चार महीने की जेल कैद के बाद बेऊर जेल से बाहर आए। जेल से रिहाई के बाद उनके समर्थकों ने बाहर जमकर नारेबाजी की और पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। समर्थकों ने नारे लगाए, "जेल का ताला टूट गया, छोटे सरकार छूट गए।"
अनंत सिंह अपनी लैंड क्रूजर गाड़ी में बैठकर अपने आवास की ओर रवाना हुए, जहां उनका स्वागत करने सैकड़ों समर्थक पहले से मौजूद थे। वे पटना के बेऊर जेल में विधानसभा चुनाव के दौरान दुलारचंद यादव हत्या मामले में बंद थे। हालांकि, पटना हाईकोर्ट ने उन्हें इस मामले में जमानत दे दी थी।
50 किलोमीटर का भव्य रोड शो
सूत्रों के अनुसार, बेऊर जेल से रिहा होने के बाद अनंत सिंह कल यानी 24 मार्च को पटना स्थित अपने आवास से मोकामा के लिए रवाना होंगे। इसके बाद वे बाढ़ विधानसभा क्षेत्र के सबनीमाँ से लेकर मोकामा विधानसभा क्षेत्र के बाहापर तक भव्य और विशाल रोड शो करेंगे, जिसकी दूरी लगभग 50 किलोमीटर होगी। चर्चा है कि इस रोड शो के दौरान लखीसराय जिले के बड़हिया स्थित महारानी स्थान मंदिर में भी पूजा-अर्चना की जाएगी।
कुछ गांवों से रहेगा परहेज
रोड शो के दौरान बाढ़ विधानसभा क्षेत्र के सबनीमाँ से मोकामा विधानसभा क्षेत्र के बाहापर के बीच दो गांवों – मेकरा और लेमुआबाद – में अनंत सिंह का ठहराव बहुत कम होगा। बताया जा रहा है कि इन गांवों में लल्लू मुखिया के समर्थकों की संख्या अधिक है। लल्लू मुखिया हत्या मामले में फिलहाल भागलपुर की जेल में बंद हैं। पहले वे अनंत सिंह के करीबी माने जाते थे, लेकिन लोकसभा चुनाव के बाद दोनों के बीच मतभेद उत्पन्न हो गए।
तीन लाख रसगुल्ला के साथ भव्य भोज
अनंत सिंह के रोड शो के बाद रामपुर डुमरा में भव्य भोज का आयोजन किया गया है। बताया जा रहा है कि इस महाभोज के लिए लगभग तीन लाख रसगुल्ला बनवाए जा रहे हैं और लगभग दस हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। हर जगह समर्थकों ने फूल माला और ढोल-नगाड़े के साथ स्वागत की तैयारी कर रखी है। पूरा गांव फिलहाल जश्न की तैयारियों में व्यस्त है।