दिल्ली में मार्च माह की बारिश ने बीते दो वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सोमवार तक राजधानी में कुल 18.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि 2025 में मार्च में मात्र 1.8 मिमी और 2024 में 4.3 मिमी बारिश हुई थी। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस सप्ताह दो दिन और झमाझम बारिश होने की संभावना है, जिससे रिकॉर्ड में और बढ़ोतरी होगी।
सोमवार को बरसे बदरा
सोमवार की सुबह हल्की फुहार और हवाओं के साथ मौसम खुशनुमा रहा। अचानक काले बादलों ने आकाश ढक दिया और कई जगहों पर तेज आंधी के साथ बारिश हुई। दिन बढ़ने के साथ धूप भी खिली, लेकिन बीच-बीच में बादलों की आवाजाही जारी रही।
पिछले 24 घंटे का मौसम रिकॉर्ड
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे में सफदरजंग मानक केंद्र में 1.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 29.7 और न्यूनतम 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता अधिकतम 96 प्रतिशत और न्यूनतम 54 प्रतिशत दर्ज की गई। अन्य क्षेत्रों में अधिकतम तापमान इस प्रकार दर्ज हुआ: रिज और आया नगर 29.3, लोधी रोड 29.6 और पालम 28.2 डिग्री सेल्सियस।
अगले हफ्ते से मौसम में बदलाव की संभावना
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तर-पश्चिमी भारत पर दो पश्चिमी विक्षोभ 26 और 29 मार्च को सक्रिय हो सकते हैं। इसके असर से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में हल्के बदलाव की संभावना है। तापमान धीरे-धीरे बढ़कर 32-34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 24 से 28 मार्च तक आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा और हवाएं मुख्यतः उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम दिशा में 5-20 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेंगी।