अलवर जिले के नारायणपुर पुलिस थाना इलाके में 15 साल की एक नाबालिग के साथ चार लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया है। नाबालिग के स्वजनों ने बुधवार को नारायणुर पुलिस थाने में आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने मामले की जांच पुलिस उप अधीक्षक मृत्युंजय मिश्रा को सौंपी है।

जानकारी के अनुसार यह मामला 19 अप्रैल देर रात की है। नारायणपुर में चार युवकों ने एक नाबालिग के साथ सामूहिक रूप से दुष्कर्म करने के बाद आरोपित फरार हो गए। फरार होते समय आरोपितों ने नाबालिग को धमकी दी कि यदि उसने इस बारे में किसी को बताया तो उसके भाई और मां को जान से मार दिया जाएगा ।

इससे पीड़िता एक बार तो सहम गई, लेकिन बाद में हिम्मत कर के उसने स्वजनों को घटना के बारे में बताया । इस पर बुधवार देर रात को पीड़िता के स्वजनों ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।

पुलिस आरोपितों के खिलाफ पाक्सो एक्ट सहित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है। नाबालिग का मेडिकल करवाया गया है। नाबालिग जिस स्तर पर सामूहिक दुष्कर्म होना बता रही है, उस स्थान से भी तथ्य जुटाए गए हैं। मिश्रा ने बताया कि नाबालिग का कहना है कि 19 तारीख की रात को वह घर से कुछ दूर शौच करने गई थी । इस दौरान चार युवक उसे जबरन अपने साथ ले गए और दुष्कर्म किया ।