जोधपुर के फलोदी जिले के धाधू गांव में लड़की से मिलने आए युवकों को गांव के लोगों ने युवकों को घेरकर पीट डाला। बताया जा रहा है कि एक युवक की नाक काटने की भी कोशिश की गई। घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी हरकत में आई। मामले की जांच में एएसआई की लापरवाही सामने आने पर उसे निलंबित कर दिया गया है।

घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पिट रहे तीनों युवकों सुनील पुत्र करनाराम बिश्नोई, सुखराम पुत्र अर्जुनराम विश्नोई और वीरेंद्र पुत्र मांगीलाल बिश्नोई निवासी को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया जबकि मारने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की। तीनों युवकों को पीटने वाली भीड़ में करीब 12 लोग शामिल थे। 

फलौदी एसपी पूजा अवाना ने बताया कि गांव में मारपीट की सूचना मिली थी। गांव वालों ने लड़की से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए तीनों युवकों के साथ मारपीट की, इसी के चलते शांति भंग के आरोप में तीनों को गिरफ्तार किया गया था। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है।

जांच में सामने आया है कि एएसआई भंवरलाल मौके पर पहुंचे थे। मामले में उनकी लापरवाही सामने आने पर रेंज आईजी विकास कुमार ने उन्हें निलंबित कर दिया है। बहरहाल दोनों पक्षों की ओर से मामले को लेकर कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है। जांच के बाद यह पता चल सकेगा कि युवक किस उद्देश्य के साथ आए थे।