देहरादून: प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के बीच पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। आपसी वर्चस्व को लेकर हुए विवाद में बीटेक के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय दिव्यांशु जाटराना, निवासी मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। वह प्रेमनगर स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ाई कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात केहरी गांव में कुछ युवकों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम को पता चला कि घायल छात्र को पहले प्रेमनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया गया कि एंबुलेंस उपलब्ध न होने पर पुलिस ने घायल को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया। परिजनों को भी तुरंत सूचना दी गई। हालांकि, इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुरानी रंजिश बनी कारण
जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के छात्र एक ही निजी संस्थान में पढ़ते हैं और उनके बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। इसी रंजिश के चलते 23 मार्च की रात यह हिंसक झड़प हुई।
तीन छात्र हिरासत में
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीन छात्रों को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।