जिले में सरवाड़ उपखंड के सनोदिया गांव में 44 वर्षीय किसान रतन पुत्र भैरू भील गत रात्रि को अपने खेत में फसल की रखवाली के लिए गया था। सुबह जब परिजनों ने खेत में जाकर देखा तो वह खेत पर बनी झोपड़ी में मृत मिला।

बताया गया कि किसान रतन ने गांव के तालाब के पास स्थित अपने खेत में गेहूं की फसल बो रखी थी। इलाके में नील गाय द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाने की आशंका बनी रहती है, जिसके चलते वह रात को फसल की रखवाली करने के लिए खेत पर चला गया। मगर वह रात को तेज सर्दी को बर्दाश्त नहीं कर सका और खेत में बनी झोपड़ी में ने की बावजूद उसका प्राणांत हो गया।

अलसुबह रतन का भतीजा चाय लेकर खेत पर पहुंचा तो उसने रतन को झोपड़ी में बेसुध पड़ा पाया। इस पर उसने चिल्लाकर आसपास के खेतों से लोगों को बुलाया। भाजपा नेता नंदलाल खटीक ने घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर तुरंत अन्य लोगों की मदद से एक वाहन में रतन भील को सरवाड़ अस्पताल पहुंचाया, मगर वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रतन को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों की रिपोर्ट दर्ज पर सरवाड़ पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। चिकित्सकों के अनुसार किसान की मौत तेज ठंड के कारण हुई है। उल्लेखनीय है कि इन दिनों क्षेत्र में कड़ाके की ठंड व शीतलहर से लोग बेहाल हैं।