अवैध बजरी के परिवहन की रोकथाम को लेकर एक पुलिसकर्मी द्वारा चौथ वसूली किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मलारना स्टेशन पुलिस चौकी पर तैनात कांस्टेबल रवि कुमार अवैध रूप से बजरी लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर चालक से सरेआम चौथ वसूली करता दिखाई दे रहा है। 

हालांकि अमर उजाला इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता लेकिन सोशल मीडिया पर दो अलग-अलग वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें एक वीडियो रात के अंधेरे का है, जिसमें पुलिस की बाइक खड़ी हुई है और कुछ लोगों के बीच नोंकझोंक हो रही है। वहीं दूसरा वीडियो दिन का है, जिसमें सादा कपड़ों में एक पुलिसकर्मी ट्रैक्टर चालक से चौथ वसूली करता नजर आ रहा है। 

गौरतलब है कि मलारना डूंगर थाना क्षेत्र में अवैध बजरी खनन एवं परिवहन बेकाबू होता जा रहा है। आलम यह है कि इस काम में पुलिसकर्मियों की संलिप्तता पर पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता द्वारा लगातार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई भी की जा रही है परंतु अवैध बजरी का काला कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा। 

एसपी ममता गुप्ता द्वारा बजरी माफियाओं के साथ संलिप्तता के मामले में मलारना स्टेशन व भाडौती पुलिस चौकी पर तैनात कुछ पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर भी किया गया था। इसके बावजूद इस क्षेत्र में अवैध बजरी खनन और परिवहन बदस्तूर चल रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो से एक बार फिर खाकी शर्मसार होती नजर आ रही है। ऐसे में एसपी को चाहिए कि बजरी माफियाओं के साथ सांठगांठ रखने वाले एवं चौथ वसूली करने वाले पुलिसकर्मियों पर एक बार फिर सख्ती बरतें और आवश्यक कार्रवाई करें।