जिले के शहरवासियों द्वारा मुख्य बाजार की सड़कों पर गड्ढों और सीवरेज लाइन के चेम्बरों की समस्याओं को लेकर की गई शिकायतों के बाद सांसद हरीशचंद्र मीना ने तत्काल एक्शन लेते हुए जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय से मुख्य बाजार का पैदल दौरा किया। उन्होंने पहले बड़ा तख्ता और नोशे मियां के पुल क्षेत्र के व्यापारियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद सांसद हरीशचंद्र मीना कचहरी इलाके पहुंचे, जहां उन्होंने सीवरेज लाइन के चेम्बरों और गंदे नालों की स्थिति देखी और शहरवासियों से उनकी पीड़ा सुनी।

उन्होंने शहर की समस्याओं के समाधान के लिए जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा से मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान से भी जिले की कानून व्यवस्था को लेकर चर्चा की और आमजन की समस्याओं के समाधान पर विचार-विमर्श किया।

मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद हरीशचंद्र मीना ने कहा कि शहर की सड़कों और सीवरेज लाइन में चेम्बरों की समस्याएं हैं, जिनके समाधान के लिए उन्होंने जिला कलेक्टर से चर्चा की है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान होगा। जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने इस संबंध में बात करते हुए बताया कि सांसद द्वारा बताई गई समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान सांसद हरीशचंद्र मीना ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के डॉ. अंबेडकर को लेकर दिए गए बयान पर विरोध जताया। उन्होंने भाजपा पर देश के टुकड़े-टुकड़े करने का आरोप लगाते हुए कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर जो बयान दिया है, वो काफी निंदनीय है। उन्हें देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए। गौरतलब है कि कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दल गृह मंत्री के इस बयान को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।