झुंझुनूं के सूरजगढ़ के समीप रामरख की ढाणी के रहने वाले 24 वर्षीय सेना के जवान नंदू सिंह शेखावत को शहादत प्राप्त हुई। रामरख की ढाणी निवासी नंदू सिंह लेह लद्दाख में आर्मी के गोला बारूद डिपो (एफएडी41) में ट्रेडसमेन मेट के पद पर कार्यरत थे।
आठ मई को डिपो में ड्यूटी के समय एक बम फटने से न केवल नंदू सिंह, बल्कि उनके साथ के दो-तीन अन्य सैनिक घायल हो गए थे। उन्हें पहले लेह लद्दाख के ही आर्मी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन नंदू सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई में रेफर कर दिया गया। वहां पर नंदू सिंह ने इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। घटना की सूचना मिलने पर नंदू सिंह के बड़े भाई वेदप्रकाश और ओमप्रकाश भी चंडीगढ़ पहुंच गए थे।
नंदू सिंह की पार्थिव देह को कल शाम को चंडीगढ़ से रवाना किया गया। उनका मंगलवार को पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। अभी गांव में माता-पिता समेत परिवार के अन्य सदस्यों को ये दुखद सूचना को नहीं दी गई है।
बता दें कि नंदू सिंह शेखावत एबीवीपी के कार्यकर्ता थे। वे सूरजगढ़ कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष भी रह चुके थे। नंदू सिंह ने 30 मार्च 2023 को ही इस पद पर नियुक्ति प्राप्त की थी। वहीं, एक महीने पहले ही वे गांव आकर गए थे। मिलनसार स्वभाव के नंदू सिंह की लंबी चौड़ी दोस्तों की टोली थी, जिनसे वह हरदम संपर्क में रहते थे। नंदू सिंह के इस दुनिया से रूखस्त होने के समाचार ने गम का माहौल पैदा कर दिया है। नंदू सिंह अविवाहित थे।