नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान सेवाओं को लेकर तेजी से तैयारियां पूरी हो रही हैं। इसी क्रम में अब अकासा एयर ने भी यहां से अपनी शुरुआत की तारीख का ऐलान कर दिया है। एयरलाइन ने बताया है कि 16 जून 2026 से नोएडा एयरपोर्ट से बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए रोजाना उड़ानें शुरू की जाएंगी।
अकासा एयर ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर जानकारी साझा करते हुए इस शुरुआत को अहम कदम बताया है। कंपनी के अनुसार, इन दोनों रूट्स के लिए टिकट बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। नोएडा से बेंगलुरु की शुरुआती फ्लाइट का किराया लगभग 6,169 रुपये रखा गया है।
इंडिगो भी एक दिन पहले शुरू करेगा संचालन
इससे पहले इंडिगो ने भी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अपनी उड़ान सेवाओं की तारीख घोषित की थी। एयरलाइन की पहली उड़ान 15 जून 2026 को लखनऊ से नोएडा के लिए होगी। इसी दिन नोएडा से लखनऊ और नवी मुंबई के लिए भी सेवाएं शुरू की जाएंगी।
सूत्रों के मुताबिक, नोएडा से लखनऊ के लिए शुरुआती किराया करीब 4,981 रुपये और नवी मुंबई के लिए लगभग 9,211 रुपये तय किया गया है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस नया एयरपोर्ट
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। पहले चरण में यह एयरपोर्ट लगभग 1,334 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किया गया है। इसमें 3,900 मीटर लंबा रनवे, आधुनिक यात्री टर्मिनल, एटीसी टावर और कार्गो सुविधाएं शामिल हैं।
खराब मौसम में भी सुरक्षित संचालन
इस एयरपोर्ट की सबसे बड़ी खासियत इसकी एडवांस तकनीक है। यहां कैट-III (CAT III) इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम लगाया गया है, जिससे घने कोहरे, कम दृश्यता और भारी बारिश जैसी परिस्थितियों में भी विमानों की सुरक्षित लैंडिंग और टेकऑफ संभव हो सकेगा। यह तकनीक पायलटों को पूरी तरह उपकरणों पर निर्भर होकर उड़ान संचालन की सुविधा देती है।