भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अंतरराष्ट्रीय तस्करों को पकड़ने के मामलें में सीआइडी को लगातार सफलता मिलना जारी है. गुरुवार को पुलिस व सीआइडी की संयुक्त पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर गांव 33 एपीडी के एक खेत से लगभग चार किलो हेरोइन बरामद की गई है. यह गांव सीमा सुरक्षा बल की बिंजौर व कैलाश के बीच में है.
गुरुवार को सीआइडी की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीक्षा कामरा,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायसिंहनगर बनवारी लाल, पुलिस उपाधीक्षक जयदेव सिहाग ,थानाधिकारी फूलचंद शर्मा व मामले की जांच कर रहे रावला थानाधिकारी सुरेंद्र पचार मौके पर गए. आरोपियों की निशानदेही पर सर्च अभियान तेज किया. जल्द ही उक्त दल को सफलता मिली और सीमा क्षेत्र के खेत में गुम हुई हेरोइन को बरामद कर लिया.
गौरतलब है कि पंजाब के तस्करों व बॉर्डर क्षेत्र के गांव 6 एमएसआर निवासी रवि उर्फ रविन्द्र पुत्र गुरनाम सिंह जाति रायसिख, मांगा उर्फ राजविंद्र सिंह पुत्र गुरनाम सिंह जाति रायसिख व इनके पिता गुरनाम पुत्र गणेशा राम के सम्पर्क के साक्ष्य मिलने के बाद जब इनसे पूछताछ की गई तो पिछले 6 माह से पाकिस्तान से आने वाली हेरोइन को तस्करों तक पहुंचाने के राज खुलने लगे. सीआइडी के सब इस्पेक्टर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उक्त तीनों को गिरफ्तार कर लिया.
पंजाब के तस्कर व उक्त मामले के आरोपी आपस में दूर के रिश्तेदार भी बताए जा रहे हैं. इन 6 माह में कई बार लगभग 35 से 40 किलो पाकिस्तान से आने वाली हेरोइन पंजाब के तस्कारों सुपुर्द की है.