सिरोही जिले के सरूपगंज थाना पुलिस ने तीन महीने से फरार बलात्कार के आरोपी को पूना, महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल था।  पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवाराम चौधरी और वृताधिकारी भंवरलाल चौधरी के सुपरविजन में सरूपगंज थानाधिकारी कमलसिंह की अगुवाई में एक टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी मोनाराम गरासिया निवासी वरली, पुलिस थाना पिंडवाड़ा, जिला सिरोही को पूना से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 17 सितंबर 2024 को दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 5 अगस्त 2024 को दोपहर 1 बजे वह रोहिडा रोड, सरूपगंज के पास बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपी और एक अन्य व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आए। उन्होंने पीड़िता को खारा गांव छोड़ने का प्रस्ताव दिया। विरोध करने पर आरोपी उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने घर ले गया। वहां उसने पीड़िता के साथ बलात्कार किया और उसे दो दिनों तक बंधक बनाकर लगातार दुष्कर्म किया।

घटना के बाद से फरार था आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना सरूपगंज की थानाधिकारी सजना को जांच सौंपी गई। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने लगातार प्रयास किए और अंततः उसे पकड़ने में सफलता पाई। आरोपी घटना के बाद से फरार था और पूना में छिपकर रह रहा था। अब उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है।