मेवाड़ राज परिवार के सदस्य और पूर्व सांसद महेंद्र सिंह मेवाड़ के निधन के बाद उनके बड़े बेटे विश्वराज सिंह मेवाड़ के राजतिलक को लेकर बवाल शुरू हो गया है. उदयपुर में विश्वराज सिंह मेवाड़ के समर्थकों पर पत्थर बाजी की गई है. इनके ऊपर सिटी पैलेस के अंदर से पथराव किया गया है. इसकी वजह से ओल्ड सिटी के अंदर माहौल गर्मा गया है. इस बीच राजतिलक की रस्म पूरी कर ली गई है. रस्म के बाद विश्वराज सिंह मेवाड़ ने सिटी पैलेस में घुसने की कोशिश की, लेकिन उन्हें गेट पर ही रोक दिया गया.

इस घटना को लेकर विश्वराज सिंह मेवाड़ के समर्थक उदयपुर के सिटी पैलेस के बाहर सड़क पर प्रदर्शन कर रहे हैं. खुद विश्वराज सिंह मेवाड़ भी भी वहीं बैठे हैं. इस घटना में एक पुलिसकर्मी के अलावा कई अन्य लोगों के घायल होने की सूचना मिली है. उधर, परंपरा के मुताबिक विश्वराज सिंह मेवाड़ भी हर हाल में सिटी पैलेस के अंदर धूणी के दर्शनों के लिए अड़ेहैं.मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर ने विश्वराज सिंह मेवाड़ से एक घंटे का समय मांगा था, लेकिन इसी बीच पथराव शुरू हो गया.

धूणी दर्शन की है परंपरा

इसकी वजह से बवाल बढ़ गया है. प्रशासन के मुताबिक राजतिलक के बाद धूणी दर्शन की परंपरा है. इसके बाद राजा को एकलिंग जी मंदिर में भी दर्शन करने होते हैं. बताया जा रहा है कि राजतिलक की रस्म के बाद विश्वराज सिंह मेवाड़ भी धूणी दर्शन और एकलिंग मंदिर जाने के लिए सिटी पैलेस पहुंचे थे. लेकिन उन्हें सिटी पैलेस में घुसने से रोक दिया गया.

मौके पर है डीएम-एसपी

यहां तक कि अंदर से उनके ऊपर पथराव भी हुआ. इससे उनके समर्थक आक्रोशित हो गए. बता दें कि सोमवार की सुबह अरविंद सिंह मेवाड ने अखबारों में आम सूचना प्रकाशित कर सिटी पैलेस और एकलिंग जी मंदिर में अनाधिकृत प्रवेश पर रोक लगा दी थी. उन्होंने कानून व्यवस्था के लिए प्रशासन से मदद भी मांगी थी. फिलहाल कलेक्टर एसपी मौके पर मौजूद हैं और दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत करने की कोशिश कर रहे हैं.