प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के दौरे के दौरान राज्य को ₹4,000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। गंगटोक में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने सिक्किम को पूर्वी भारत का “स्वर्ग” बताते हुए देश-विदेश के पर्यटकों से यहां के प्रसिद्ध ऑर्किडेरियम को देखने की अपील की।
अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने कहा कि सिक्किम “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने यह भी कहा कि जब देश को विभिन्न आधारों पर बांटने की कोशिशें हो रही हैं, ऐसे समय में सिक्किम एकता और समरसता का संदेश देता है।
पर्यटन और पर्यावरण पर जोर
पीएम मोदी ने सिक्किम की स्वच्छता और प्राकृतिक वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि यहां की साफ-सुथरी सड़कें और शुद्ध हवा स्थानीय लोगों की पर्यावरण के प्रति जागरूकता को दर्शाती हैं। उन्होंने पर्यटन को राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है।
युवाओं के साथ खेला फुटबॉल
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं के साथ समय बिताया और उनके साथ फुटबॉल भी खेली। उन्होंने इस अनुभव को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि गंगटोक की सुबह युवाओं के साथ बिताना और खेलना उनके लिए उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा से भर देने वाला रहा।
50 साल पूरे होने पर विशेष आयोजन
सिक्किम के राज्य बनने के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री ने भाग लिया। इस मौके को राज्य के लिए ऐतिहासिक बताया जा रहा है, जहां विकास परियोजनाओं के साथ उत्सव का माहौल भी देखने को मिला।
ऑर्किडेरियम और मुख्य समारोह
अपने कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने स्वर्णजयंती मैत्री मंजरी पार्क स्थित ऑर्किडेरियम का दौरा किया, जिसे एक आधुनिक और विश्वस्तरीय ऑर्किड अनुभव केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। इसके बाद वे पलजोर स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
इन परियोजनाओं में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, पर्यटन, कृषि और शहरी विकास से जुड़े कई काम शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, इनका उद्देश्य राज्य में समग्र और समावेशी विकास को गति देना है।