गोरखपुर: गोरखनाथ मंदिर में शुक्रवार की सुबह एक दिल छू लेने वाला दृश्य देखने को मिला। कानपुर से आई मात्र चार साल की यशस्विनी सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपना खास उपहार – एक बुलडोजर खिलौना – भेंट किया।

मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना और दर्शन के बाद मुख्यमंत्री परिसर का भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर नन्हीं यशस्विनी पर पड़ी। मुख्यमंत्री ने उसे पास बुलाया और स्नेहपूर्वक चॉकलेट दी।

यशस्विनी ने मासूमियत से कहा,
"मैं आपके लिए गिफ्ट लाई हूँ, आप आंखें बंद करिए।"
योगी जी ने उसके आग्रह को ठुकराया नहीं और आंखें बंद कर लीं। यशस्विनी ने उन्हें खिलौने वाला बुलडोजर थमाया और बोली,
"आपको बुलडोजर पसंद है ना?"

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुस्कुराते हुए कहा,
"पहले फोटो खिंचवाई और इसके बाद खेलो और खूब पढ़ो।"

यशस्विनी का लगाव और तैयारी

यशस्विनी के पिता अभय सिंह राजावत ने बताया कि वे कानपुर के कल्याणपुर निवासी हैं और दर्शन-पूजन के लिए अक्सर गोरखनाथ मंदिर आते रहते हैं। यशस्विनी प्रताप इंटरनेशनल कॉलेज की नर्सरी में पढ़ती हैं।

उन्होंने कहा कि यशस्विनी को मुख्यमंत्री योगी जी से विशेष लगाव है। टीवी पर उन्हें देखते ही वह पूरे परिवार को इकट्ठा कर देती हैं। दिलचस्प बात यह रही कि आमतौर पर खिलौनों को जल्दी तोड़ देने वाली यशस्विनी ने यह बुलडोजर चार महीने तक संभालकर रखा था, सिर्फ इस दिन मुख्यमंत्री को भेंट करने के लिए।