लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में लाल बारादरी भवन के दरवाजे को सील किए जाने के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। छात्रों और प्रशासन के बीच विवाद बढ़ने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने विश्वविद्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुई। छात्रों ने प्रॉक्टर ऑफिस के बाहर धरना देकर अपनी मांगें रखीं।

छात्रों का कहना है कि वे शांतिपूर्वक हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे, लेकिन प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने उन्हें रोक दिया। वहीं, छात्र कैंपस में नमाज और इफ्तार पार्टियों के आयोजन के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग कर रहे हैं।

विश्व हिन्दू परिषद (VHP) ने भी कुलसचिव डॉ. भावना मिश्रा को ज्ञापन सौंपते हुए स्थिति की गंभीरता पर ध्यान देने का आग्रह किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।