दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी जिले की विदेशी सेल ने 16 मार्च को एक बांग्लादेशी नागरिक और उसकी महिला साथी को मानव तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी थाना मुखर्जी नगर क्षेत्र के जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन के पास गुप्त सूचना के आधार पर हुई।

पुलिस ने आरोपितों की पहचान रोबियुल मुल्ला (45), निवासी जेसोर, बांग्लादेश और अर्जिना खातून (38), निवासी बोगरा, बांग्लादेश के रूप में की है। दोनों अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर चुके थे और उनके पास कोई वैध यात्रा दस्तावेज नहीं था।

अवैध प्रवेश का मामला

उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि सूचना मिली थी कि रोबियुल मुल्ला मानव तस्करी में शामिल है। इस पर विदेशी सेल इंस्पेक्टर विपिन कुमार के नेतृत्व में टीम ने इलाके में जाल बिछाकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि रोबियुल मुल्ला पहले ही वर्ष 2025 में भारत से निर्वासित किया जा चुका था, लेकिन वह अवैध रूप से वापस देश में प्रवेश कर गया। पूछताछ के दौरान उसकी साथी अर्जिना खातून भी गिरफ्तार कर ली गई।

मानव तस्करी नेटवर्क की जांच

पुलिस का अनुमान है कि रोबियुल मुल्ला कई महिलाओं को अवैध गतिविधियों के लिए भारत लाता रहा। आरोपितों के पास से दो स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं, जिनमें प्रतिबंधित IMO एप्लिकेशन इंस्टॉल था। इसके अलावा उनके मोबाइल में बांग्लादेशी पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्रों की तस्वीरें भी मिली हैं।

अधिकारियों ने बताया कि दोनों को एफआरआरओ के समक्ष पेश कर उनका पुन: निर्वासन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, मानव तस्करी से जुड़े अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश जारी है। पुलिस अवैध प्रवासियों और मानव तस्करी के खिलाफ अभियान को लगातार जारी रखेगी।