अयोध्या। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने समाजवादी पार्टी के कुछ सांसदों के भाजपा के संपर्क में होने की बात कही थी, सियासी घमासान तेज हो गया है। अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए राजभर पर पलटवार किया है।
अवधेश प्रसाद ने तंज कसते हुए कहा कि “सूप बोले सूप, चलनी बोले जिसमें बहत्तर छेद” वाली कहावत यहां पूरी तरह लागू होती है। उन्होंने दावा किया कि ओम प्रकाश राजभर की अपनी कोई मजबूत राजनीतिक जमीन नहीं है और वे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के समर्थन से चुनाव जीतकर आए हैं।
सपा सांसद ने आगे कहा कि राजभर के बेटे को चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही महीने शेष हैं और ऐसे में कुछ लोग राजनीतिक रूप से असहज महसूस कर रहे हैं, जिसके चलते वे लगातार अनर्गल बयान दे रहे हैं।
अवधेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि संभव है ओम प्रकाश राजभर ने टिकट वितरण को लेकर कई लोगों से वादे किए हों, जिसके चलते उन पर दबाव बढ़ रहा है और वे इस तरह के बयान दे रहे हैं।
सपा की एकजुटता का दावा
अवधेश प्रसाद ने समाजवादी पार्टी की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी पूरी तरह संगठित और मजबूत है। उन्होंने कहा कि देश में सबसे अनुशासित राजनीतिक दलों में समाजवादी पार्टी शामिल है, जिसका नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कर रहे हैं।