बागपत साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो सर्च इंजन और विज्ञापन प्लेटफॉर्म “जस्ट डायल” पर फर्जी विज्ञापन डालकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
सस्ते सामान का लालच देकर ठगी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ग्रोसरी और सॉफ्ट ड्रिंक जैसी वस्तुओं को बेहद कम कीमत पर उपलब्ध कराने का झांसा देकर फर्जी विज्ञापन पोस्ट करते थे। जब कोई व्यक्ति संपर्क करता था, तो उससे एडवांस भुगतान करवा लिया जाता था और बाद में सामान भेजने के नाम पर रकम हड़प ली जाती थी।
भारी मात्रा में डिजिटल और हथियार बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 24 सिम कार्ड, एक टैबलेट, दो डेबिट/एटीएम कार्ड और दो वाई-फाई डिवाइस बरामद किए हैं।
इसके अलावा, उनके पास से एक अवैध .32 बोर देसी पिस्टल, एक .315 बोर तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी मिले हैं।
पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल की जा रही एक AURA कार (UP 76 AT 1422) भी जब्त की है।
कई राज्यों में फैला नेटवर्क
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गिरोह अलग-अलग राज्यों में बैठकर ऑनलाइन माध्यम से लोगों को निशाना बना रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह एक संगठित साइबर फ्रॉड नेटवर्क है।