उत्तर प्रदेश के बागपत में एक अनोखी पहल सोशल मीडिया और स्थानीय चर्चा का विषय बन गई है। यहां एक ही परिवार में बेटी और बेटे, दोनों की शादियों का कार्यक्रम है। बेटे आकाश ने शादी के कार्ड पर ऐसा QR कोड छपवाया है, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया है।
दूरदराज के रिश्तेदारों की सुरक्षा और सुविधा का ध्यान
आकाश ने बताया कि शादी में दूर-दराज से रिश्तेदार आते हैं, लेकिन कार्ड देने और समारोह में शामिल होने के दौरान कई बार सड़क हादसे हो जाते हैं। इसी को देखते हुए उन्होंने कार्ड पर QR कोड का विकल्प दिया। अब जो रिश्तेदार किसी कारणवश समारोह में नहीं आ पाए, वे QR कोड स्कैन कर ऑनलाइन शगुन भेज सकते हैं।
आकाश और उनकी बहन दोनों की शादी फरवरी के दूसरे हफ्ते में है। उनकी बहन की शादी 7 फरवरी को और आकाश की शादी 8 फरवरी को होगी। दोनों के कार्ड में QR कोड के माध्यम से अब कन्यादान और दुल्हन की मुंह दिखाई का शगुन डिजिटल रूप में सुरक्षित भेजा जा सकेगा।
सुरक्षा और समय की बचत के साथ नई सोच
आकाश ने बताया कि जिन रिश्तेदारों के लिए यात्रा करना मुश्किल है, वे डिजिटल शगुन भेजकर न केवल अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं, बल्कि आने-जाने में होने वाले खर्च और समय की बचत भी होगी। आकाश ने अपने इस QR कोड वाले कार्ड डिजिटल रूप में पंजाब, चंडीगढ़, पानीपत सहित अन्य दूरस्थ क्षेत्रों में व्हाट्सएप के जरिए भेजे हैं, जबकि आसपास के इलाके में कार्ड सीधे वितरित किए गए।
स्थानीय लोगों ने सराहा नवाचार
इस पहल की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है। लोग मानते हैं कि तकनीक के सही इस्तेमाल से परंपराओं को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जा सकता है। आकाश की यह सोच समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ आने वाले समय में अन्य परिवारों के लिए भी प्रेरणा बन सकती है।