जौहड़ी गांव की प्रसिद्ध शूटर दादी प्रकाशी तोमर की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। रविवार शाम नाक की नस फटने के कारण उन्हें अचानक तेज रक्तस्राव होने लगा, जिसके बाद परिजन उन्हें तुरंत बड़ौत स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है।
परिजनों के अनुसार, रामबीर सिंह और शूटर सीमा तोमर उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। रामबीर सिंह ने बताया कि रविवार रात दादी अपने बिस्तर पर थीं, तभी अचानक नाक से खून बहना शुरू हो गया, जो काफी देर तक नहीं रुका। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने नाक में बत्ती लगाकर रक्तस्राव को नियंत्रित किया।
शूटर सीमा तोमर ने बताया कि यह समस्या पहली बार नहीं हुई है। करीब एक महीने पहले भी नाक की नस फटने से उन्हें इसी तरह की परेशानी हुई थी, जिसके बाद उन्हें नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 18 मार्च को उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दी गई थी और वह घर लौट आई थीं, लेकिन अब यह समस्या फिर से सामने आ गई है।
उनकी तबीयत को लेकर परिवार के साथ-साथ उनके प्रशंसक भी चिंतित हैं।
60 साल की उम्र में शुरू की थी निशानेबाजी
प्रकाशी तोमर ने 60 वर्ष की उम्र में निशानेबाजी की शुरुआत कर देश-विदेश में पहचान बनाई थी। उन्होंने कई प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर इतिहास रचा। उनके जीवन संघर्ष और उपलब्धियों पर आधारित बॉलीवुड फिल्म ‘सांड की आंख’ भी बनाई गई, जिसने उनकी प्रेरणादायक कहानी को व्यापक पहचान दिलाई।