मुंबई की रहने वाली 35 वर्षीय तलाकशुदा नर्स सना की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि उसके प्रेमी फैसल ने 29 मई को गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में गन्ने के खेत में दफना दिया था।

मामले में कार्रवाई करते हुए मुंबई पुलिस ने आरोपी फैसल को हिरासत में लिया, जिसके बाद उसे लेकर टीम शुक्रवार को मंडावर थाना क्षेत्र पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से देर रात शव को खेत से बरामद किया गया। शव काफी सड़ी-गली हालत में मिला है।

जानकारी के अनुसार, फैसल मूल रूप से बिजनौर के सैफपुर खादर गांव का रहने वाला है और मुंबई के ओशीवारा इलाके में एक सैलून में काम करता था। इसी दौरान उसकी पहचान मुंबई के एक अस्पताल में कार्यरत नर्स सना से हुई और दोनों के बीच संबंध बन गए।

बताया जा रहा है कि सना ने अपने पति से तलाक लेकर फैसल के साथ रहने का फैसला किया था, लेकिन बाद में वह उससे शादी करने की जिद करने लगी। इसी दबाव और विवाद के चलते आरोपी उसे ईद के बहाने अपने गांव लेकर आया था।

पुलिस जांच के मुताबिक, 29 मई को सना बिजनौर पहुंची थी, जहां फैसल उसे बाइक से मंडावर क्षेत्र के फतेहपुर सभाचंद के जंगलों में ले गया। वहीं पर उसने कथित रूप से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को गन्ने के खेत में छिपा दिया। हत्या के बाद आरोपी मुंबई लौट गया।

सना के लापता होने के बाद 2 जून को मुंबई में गुमशुदगी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान शक की सुई फैसल पर गई, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर शव बरामद किया गया।