विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया में तेजी ला दी है। पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर जुलाई के अंत तक 100 से अधिक संभावित उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने की तैयारी है। बताया जा रहा है कि बसपा ने चुनावी तारीखों से काफी पहले ही उम्मीदवार तय करने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया था और अब तक लगभग 10 सीटों पर सहमति भी बन चुकी है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, बसपा सुप्रीमो मायावती ने संभावित प्रत्याशियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इन सम्मेलनों के प्रदर्शन के आधार पर ही टिकट की अंतिम दावेदारी मजबूत मानी जाएगी। इन कार्यक्रमों में पार्टी के वरिष्ठ नेता भी शामिल हो रहे हैं और कई जिलों में जनसभाओं का कार्यक्रम भी तय किया गया है। इसकी शुरुआत अयोध्या और अकबरपुर से होने की संभावना है।

इन जनसभाओं को बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल सहित अन्य वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। वहीं, मायावती खुद भी लगातार सक्रिय हैं और रोजाना कई नेताओं से मुलाकात कर उन्हें पार्टी में शामिल कर रही हैं। बताया जा रहा है कि विशेष रूप से भाजपा और सपा से असंतुष्ट नेताओं को जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है और उन्हें चुनाव में टिकट का आश्वासन भी दिया जा रहा है।

इसके अलावा पार्टी छोटे राजनीतिक दलों को सीधे विलय के बजाय उनके प्रमुख चेहरों को बसपा में शामिल कर संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।