उत्तर प्रदेश के नोएडा में वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर चल रहा कर्मचारियों का आंदोलन सोमवार को अचानक उग्र हो गया। पिछले कुछ दिनों से जारी प्रदर्शन ने कई इलाकों में हिंसक रूप ले लिया, जिसके चलते शहर के अलग-अलग हिस्सों में तनाव की स्थिति बन गई।

सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान कुछ स्थानों पर भीड़ बेकाबू हो गई और वाहनों में आगजनी की घटनाएं सामने आईं। सेक्टर-84 और फेज-2 क्षेत्र में कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया, जबकि कुछ जगहों पर पथराव की भी घटनाएं हुईं। हालात बिगड़ने पर पुलिस को नियंत्रण के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।

सेक्टर-59, 62 और 63 समेत कई इलाकों में बड़ी संख्या में कर्मचारी सड़कों पर उतर आए और यातायात बाधित कर दिया। कई स्थानों पर जाम लगने से आम लोगों और ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एनएच-9 पर भी प्रदर्शन के कारण लंबा जाम लग गया, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रही।

जानकारी के अनुसार, मदरसन कंपनी के पास भी कुछ वाहनों में आग लगाए जाने की घटना सामने आई है। वहीं, झड़प के दौरान पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। स्थिति को संभालने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारी कर्मचारी लंबे समय से वेतन वृद्धि, ओवरटाइम भुगतान और अन्य सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। उनकी प्रमुख मांग है कि वेतन 13 हजार रुपये से बढ़ाकर 20 हजार रुपये किया जाए और कामकाजी परिस्थितियों में सुधार किया जाए।

रविवार को प्रशासन, पुलिस और प्राधिकरण के अधिकारियों ने कर्मचारियों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद आंदोलन और तेज हो गया।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।