पानीपत/रोहतक। हरियाणा के पानीपत में थर्मल कॉलोनी से महिला कार्यकारी अभियंता के बेटे के अपहरण के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रोहतक में हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो बदमाशों और एक महिला को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान घबराए आरोपियों ने बच्चे को चलती गाड़ी से नीचे फेंक दिया, जिससे वह घायल हो गया।

सूचना के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे पानीपत की थर्मल कॉलोनी से मासूम बच्चे का अपहरण किया गया था। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने अलर्ट जारी करते हुए कई टीमें गठित कीं और आरोपियों की तलाश में नाकाबंदी शुरू कर दी।

शनिवार को रोहतक के पास पुलिस और अपहरणकर्ताओं के बीच आमना-सामना हुआ। इस दौरान दोनों ओर से हुई फायरिंग में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।

कार्रवाई के दौरान अपहरणकर्ताओं ने घबराहट में बच्चे को वाहन से बाहर फेंक दिया, जिससे वह घायल हो गया। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को तुरंत सुरक्षित बरामद कर लिया और उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने घायल आरोपियों को भी अस्पताल में भर्ती कराया है और पूरे गिरोह के आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।