एमसीएच विंग मोतीपुर में शिफ्ट हुए जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार की दोपहर भाजपा के ओयल मंडल अध्यक्ष और वहां तैनात एक होमगार्ड में भिड़ंत हो गई। आपस में हुई मारपीट में जहां भाजपा मंडल अध्यक्ष का सिर फूट गया तो वहीं होमगार्ड को भी खरोंचें आ गईं। उसकी वर्दी भी फट गई।

घटना से नाराज भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज मिश्रा एमसीएच विंग के सामने धरने पर बैठ गए और सीएमएस व एक डॉक्टर पर पिटवाने का आरोप लगाते हुए, उन पर कार्रवाई की मांग की। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे सीओ सिटी संदीप सिंह भी पुलिस बल के साथ पहुंचे और मामले को शांत करवाया। उधर, जिलाध्यक्ष भाजपा सुनील सिंह ने मामले की शिकायत सीएम योगी से करने की बात कही है। 

बृहस्पतिवार अपराह्न एक बजे जिला अस्पताल में भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज मिश्रा निवासी मोहम्दाबाद अपने पुत्र शौर्य व भतीजे आदर्श की बुखार की दवा लेने जिला अस्पताल पहुंचे थे। बताते हैं कि जब पर्चा बनवाकर वह डॉ. आईके राम चंदाननी के ओपीडी रूम के बाहर पहुंचे और बिना लाइन लगाए ही डॉक्टर के केबन में सीधे प्रवेश करने लगे तो वहां मौजूद होमगार्ड राजेंद्र मिश्रा ने उन्हें रोक दिया। इसी बात पर दोनों की कहासुनी होनी लगी। मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों ने एक-दूसरे का कॉलर पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच होमगार्ड ने डंडे से वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और खून निकल आया। 

नाराजगी में मंडल अध्यक्ष नीरज मिश्र जिला अस्पताल के गेट पर धरने पर बैठ गए। इस बीच भाजपा कार्यकर्ता व आसपास के अन्य मंडल अध्यक्ष भी वहां पहुंच गए और एक बार फिर से हंगामा शुरू हो गया। मारपीट की नौबत बन आई, जिस पर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने मामले को शांत करवाया। मंडल अध्यक्ष नीरज मिश्र का आरोप है कि यह हमला सीएमएस डॉ. हर्षवर्धन और फिजीशियन डॉ. आरएस मधौरिया के इशारे पर किया गया है। बोले, मैं इनकी शिकायत अपने लेटर पैड पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से उनके दौरे के दौरान करने वाला था, जिसकी जानकारी इन लोगों को हो गई थी। वहीं होमगार्ड राजेंद्र मिश्रा का आरोप है कि यह सीधे डॉक्टर के कमरे में घुस रहे थे। रोकने पर उसे गालियां देने लगे और सस्पेंड कराने की धमकी देने के साथ कॉलर पकड़कर वर्दी और बनियान फाड़ डाली। 

उधर, सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी संदीप सिंह के आश्वासन पर वह धरने से उठे और फिर ओयल चौकी के सामने साथियों संग सीतापुर-लखीमपुर फोरलेन जाम कर धरने पर बैठ गए। इसके बाद उच्चाधिकारियों के आने पर वह वहां से उठे और प्रार्थनापत्र देने के बाद मेडिकल परीक्षण कराकर लौट गए। उधर, पुलिस ने बतायाकि तहरीर मिली है, मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। 

दो डॉक्टरों के इशारे पर मंडल अध्यक्ष पर एक होमगार्ड और दो अन्य सहयोगियों के द्वारा जानलेवा हमला कराया गया है। इसकी प्रथम सूचना रिपोर्ट दे दी गई है। मुकदमा भी पंजीकृत हो रहा है। हम इसकी शिकायत मुख्यमंत्री व डिप्टी सीएम से भी करेंगे। - सुनील सिंह, जिला अध्यक्ष, भाजपा