बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को सरकारी आवास खाली करने के निर्देश के बाद सियासी माहौल गर्मा गया है। राज्य सरकार ने उन्हें सर्कुलर रोड स्थित आवास संख्या-10 खाली करने को कहा है, जिसके बाद यह मामला राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है।
शनिवार को पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान राबड़ी देवी ने सरकार के आदेश पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर सरकार चाहती है तो प्रशासन और पुलिस बल का इस्तेमाल कर घर खाली करवा ले, लेकिन वे आवास छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं।
आवास आवंटन को लेकर विभाग का पक्ष
भवन निर्माण विभाग के अनुसार, 25 नवंबर 2025 को जारी आदेश के तहत राबड़ी देवी को हार्डिंग रोड स्थित आवास संख्या-39 नेता प्रतिपक्ष के रूप में आवंटित किया गया था। विभाग का कहना है कि नया आवास दिए जाने के बावजूद सर्कुलर रोड स्थित आवास संख्या-10 अब तक खाली नहीं किया गया है।
मंत्री को हो चुका है नया आवंटन
विभागीय जानकारी के मुताबिक, 27 मई 2026 के आदेश के तहत सर्कुलर रोड स्थित आवास संख्या-10 को अब डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया जा चुका है।
ऐसे में सरकार का कहना है कि नए आवंटन को लागू करने के लिए पुराने आवास को खाली कराना जरूरी है।
प्रशासनिक प्रक्रिया जारी
संयुक्त सचिव-सह-भू-संपदा पदाधिकारी की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि यह निर्णय सक्षम प्राधिकार की मंजूरी से लिया गया है। विभाग ने राबड़ी देवी से जल्द आवास खाली करने का अनुरोध किया है, ताकि नई आवंटन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।