मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र स्थित पुठा रोड श्मशान घाट में मिली 25 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। ब्रह्मपुरी के खत्ता रोड निवासी मुस्कान की हत्या उसके प्रेमी रजनीश कुमार ने ही की थी। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात का पर्दाफाश कर दिया।

ब्लैकमेलिंग और पैसों के विवाद में बढ़ा तनाव

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी टेंपो चालक रजनीश कुमार टीपीनगर के शिवपुरम का रहने वाला है। करीब एक साल पहले दोनों की मुलाकात हुई थी, जिसके बाद उनके बीच संबंध बन गए थे।

आरोप है कि मुस्कान लंबे समय से आरोपी को ब्लैकमेल कर रही थी और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर उससे पैसे भी ऐंठती थी। इसी तनाव के चलते दोनों के बीच विवाद बढ़ता चला गया।

शराब पीने के बाद श्मशान घाट में हुई वारदात

पुलिस के अनुसार, घटना से पहले दोनों ने शिवपुरम निवासी राहुल के मकान पर बैठकर शराब पी थी। वहां भी विवाद हुआ, जिसके बाद राहुल ने दोनों को घर से भेज दिया।

इसके बाद रजनीश और मुस्कान मोपेड से पुठा श्मशान घाट पहुंचे, जहां दोनों ने फिर शराब पी। इसी दौरान दोनों के बीच फिर झगड़ा हो गया और गुस्से में आकर आरोपी ने दुपट्टे से गला घोंटकर मुस्कान की हत्या कर दी।

वारदात के बाद मौके पर ही बैठा रहा आरोपी

हत्या के बाद आरोपी करीब आधे घंटे तक शव के पास ही बैठा रहा। इसके बाद उसने मृतका के मोबाइल से सिम कार्ड निकाल लिया और अपने घर लौट गया, जहां वह सामान्य तरीके से सो गया।

पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी पर कई केस दर्ज

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। शनिवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा।

कैसे सामने आया मामला

बृहस्पतिवार सुबह श्मशान घाट में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। शव के गले पर दुपट्टे के निशान पाए गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए थे और सर्विलांस की मदद से कुछ ही घंटों में मृतका की पहचान मुस्कान के रूप में कर ली गई थी।