लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र में गेहरू अंडरपास के पास गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। तेज रफ्तार डंपर ने एक बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दोनों लोग मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक डंपर के अगले हिस्से में फंस गई और करीब दो किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। पुलिस ने पीछा कर आरोपी चालक को बिजनौर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मोहनलालगंज के रानीखेड़ा हरिकंशगढ़ी निवासी रामसेवक यादव (50) अपने साढ़ू रामू यादव (45), जो सीतापुर के अटरिया क्षेत्र के नकरहा गांव के रहने वाले थे, के घर 14 जून को गए थे। दोनों मंगलवार को आयोजित बड़े मंगल के भंडारे में शामिल हुए थे। इसके बाद गुरुवार को वे बाइक से किसान पथ के रास्ते अपने घर लौट रहे थे। बाइक रामू यादव चला रहे थे।
दोपहर करीब डेढ़ बजे जैसे ही वे सरोजनीनगर के दरोगाखेड़ा इलाके में कानपुर रोड स्थित गेहरू अंडरपास के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय रामू यादव ने हेलमेट पहन रखा था, इसके बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।
टक्कर के बाद बाइक डंपर में फंस गई, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और उसे आगे बढ़ाता रहा। बाइक डंपर के साथ करीब दो किलोमीटर तक घिसटती रही, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर सरोजनीनगर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और डंपर का पीछा शुरू किया। बाद में उसे बिजनौर क्षेत्र के नटकुर अंडरपास के पास पकड़ लिया गया।
पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है। अधिकारियों ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हादसे की सूचना जैसे ही दोनों परिवारों को मिली, घरों में कोहराम मच गया। रामसेवक यादव मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे, जबकि रामू यादव पेशे से ट्रक चालक थे। दोनों परिवारों में पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।