लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल का सिलसिला जारी है। 206 पीपीएस अधिकारियों के तबादले के बाद अब राज्य सरकार ने शुक्रवार को छह आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश में पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस उप महानिरीक्षक स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

आईपीएस अधिकारियों के तबादले

गृह विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार, पुलिस महानिदेशक कार्यालय से संबद्ध और वर्तमान में प्रतीक्षारत रवि शंकर छवि को पुलिस महानिरीक्षक (लोक शिकायत), डीजीपी कार्यालय में नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा यमुना प्रसाद को पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी), कानपुर रेंज की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अशोक कुमार चतुर्थ को डीआईजी गोंडा और पूनम को डीआईजी मिर्जापुर के पद पर तैनात किया गया है।

प्रशासनिक बदलाव जारी

राज्य सरकार की ओर से हाल के दिनों में पुलिस प्रशासन में लगातार बदलाव किए जा रहे हैं, जिसके तहत अधिकारियों को नई तैनाती देकर कार्य प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की कोशिश की जा रही है।