तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को एक के बाद एक झटके लगते दिख रहे हैं। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई और प्रदेश उपाध्यक्ष करु नागराजन के बाद अब पार्टी की राज्य सचिव सुमति वेंकटेश ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अपने फैसले की जानकारी साझा की।
सुमति वेंकटेश ने अपने पोस्ट में लिखा कि वह “भारी मन और गहरे दुख” के साथ पार्टी की जिम्मेदारियों से अलग हो रही हैं और भाजपा से अपना नाता समाप्त कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के साथ काम करना उनके लिए सम्मान की बात रही है।
अपने संदेश में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए भाजपा के राष्ट्रवाद, सेवा और देशभक्ति जैसे मूल्यों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ये मूल्य उनके राजनीतिक जीवन में हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहे हैं और आगे भी रहेंगे।
सुमति वेंकटेश ने यह भी कहा कि यह निर्णय उन्होंने लंबे विचार-विमर्श के बाद लिया है और इसमें भावनात्मक जुड़ाव भी शामिल रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान सहयोग और मार्गदर्शन देने वाले सभी राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। हालांकि, उन्होंने अपने अगले राजनीतिक कदम को लेकर कोई संकेत नहीं दिया है।
अन्नामलाई के इस्तीफे के बाद बढ़ी चर्चाएं
कुछ समय पहले पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने भी भाजपा से इस्तीफा देकर राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी थी। उन्होंने दावा किया था कि वह “जनहित की राजनीति” के लिए नई राजनीतिक दिशा अपनाएंगे और व्यक्तिगत राजनीति तथा वंशवाद से दूरी बनाएंगे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि तमिलनाडु की राजनीति में अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय और उनकी पार्टी TVK के बढ़ते प्रभाव ने नए राजनीतिक समीकरण तैयार किए हैं, जिसका असर अन्य दलों की रणनीति पर भी दिख रहा है।
भाजपा का बयान
इस बीच तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने अन्नामलाई के इस्तीफे को पार्टी के लिए बड़ा झटका मानने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक मजबूत संगठन है और अपनी विचारधारा के आधार पर लगातार आगे बढ़ती रहेगी।