लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा है कि प्रदेश सरकार जल्द ही हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि प्रत्येक मंडल मुख्यालय पर कैंसर इंस्टीट्यूट बनाए जाएंगे और कैंसर मरीजों तथा उनके परिजनों के लिए आवासीय सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

जिला पंचायत सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उपमुख्यमंत्री ने केंद्र की भाजपा सरकार के 2014 से अब तक के कार्यकाल की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।

विपक्ष पर साधा निशाना

राम मंदिर से जुड़े दानपत्र के धन को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए बृजेश पाठक ने विपक्ष पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यदि इस तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं तो पहले बाबरी मस्जिद निर्माण के लिए एकत्र किए गए चंदे का भी हिसाब पूछा जाना चाहिए।

कार्यक्रम में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि

इस अवसर पर राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश राही सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।