लखनऊ। उत्तर प्रदेशवासियों को मौसम विभाग से बड़ी राहत की खबर मिली है। प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने इस बार अपनी सामान्य समय-सीमा से लगभग पांच दिन की देरी से बुधवार को प्रवेश कर लिया है। आमतौर पर यूपी में मानसून 13 जून के आसपास पहुंचता है, लेकिन इस वर्ष यह 18 जून को सोनभद्र जिले से प्रदेश में दाखिल हुआ।
मानसून की शुरुआत के साथ ही मौसम विभाग ने कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। आने वाले कुछ दिनों में इसके पूरे प्रदेश में फैलने की संभावना जताई जा रही है।
इन जिलों में हो रही बारिश
मानसून के आगमन के साथ ही गाजीपुर, बलिया और सोनभद्र समेत कई इलाकों में बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, मानसून अब पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और इसके असर से 19 जून से प्रदेश के कई जिलों में वर्षा की गतिविधियां तेज़ हो सकती हैं। 19 से 22 जून के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की फुहारों से लेकर तेज बारिश तक की स्थिति बन सकती है।
इन जिलों के लिए अलर्ट
गुरुवार से मौसम विभाग ने वाराणसी से लेकर गोरखपुर तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही चंदौली, जौनपुर, भदोही, देवरिया, गाजीपुर, महाराजगंज, मऊ, बलिया, आजमगढ़ और बस्ती सहित कई जिलों में अगले चार दिनों तक वर्षा की चेतावनी दी गई है। विभाग का अनुमान है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो दिनों में प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी पहुंच जाएगा।
अगले कुछ दिनों में पूरी यूपी में फैलेगा मानसून
मौसम विभाग का अनुमान है कि 30 जून तक मानसून पूरे उत्तर प्रदेश को कवर कर लेगा। मानसून की शुरुआत से ही प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलनी शुरू हो गई है। बीते कुछ सप्ताहों से उत्तर भारत में पड़ रही तेज़ गर्मी अब कम होती दिख रही है।
अगुआ बारिश में आगरा सबसे आगे
मंगलवार को हुई प्री-मानसून बारिश में सबसे अधिक वर्षा आगरा में 33.8 मिमी दर्ज की गई, जबकि सबसे कम बारिश बांदा में 2.6 मिमी हुई। अन्य जिलों में भी बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
Read News: झारखंड सरकार ने किए 57 आईएएस अधिकारियों के तबादले, अधिसूचना जारी