नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले की जांच में तेजी लाते हुए सीबीआई ने सोमवार को आरोपी मनीषा संजय हवलदार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया। एजेंसी ने पूछताछ के लिए उनकी रिमांड बढ़ाने की मांग करते हुए छह दिन की पुलिस हिरासत का अनुरोध किया, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया।

सीबीआई ने अदालत को बताया कि मनीषा को 24 मई को पुणे से गिरफ्तार किया गया था और वह एनटीए की ओर से पैनल में शामिल एक फिजिक्स ट्रांसलेटर के तौर पर काम कर चुकी हैं। जांच एजेंसी का आरोप है कि वह प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया और कथित रूप से लीक हुए पेपर को आगे प्रसारित करने में भी शामिल रही हैं।

पेशी के दौरान मनीषा के वकील ने सीबीआई की रिमांड याचिका का विरोध किया, हालांकि कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद उन्हें छह दिनों के लिए सीबीआई हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

इससे पहले भी इसी मामले में 17 मई को अदालत ने मनीषा मंधारे को 14 दिन की सीबीआई हिरासत में भेजा था। अब एजेंसी उनसे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।