चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में सड़क किनारे कथित तौर पर चल रहे “शराब वितरण” के एक वीडियो के वायरल होने के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग में हलचल मच गई है। यह वीडियो एक व्यक्ति द्वारा खुद रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाला गया था, जिसमें वह दावा करता नजर आया कि वहां मौजूद लोगों को खुलेआम शराब परोसी जा रही है। वीडियो में यह भी कहा गया कि बर्फ के गोलों में जामुन फ्लेवर वोदका मिलाकर लोगों को दिया जा रहा था।

वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया और पुलिस तक पहुंच गया। इसके बाद सेक्टर-3 थाना पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान करने और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई की पुष्टि करने में जुटी है। साथ ही, कथित तौर पर शराब पिलाने वालों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला उपायुक्त (DC) ने भी रिपोर्ट तलब कर ली है। प्रशासनिक स्तर पर पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है और तथ्य सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।