मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में निवेश के नाम पर दो लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
निवेश का लालच देकर ठगी
शिवपुरी कॉलोनी निवासी अनंत गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान तितावी क्षेत्र के गांव बुड़ीना खुर्द निवासी फरहत जावेद से थी। फरवरी 2024 में आरोपी ने खुद को एक टैक्सी कंपनी का अधिकृत एजेंट बताकर निवेश का लालच दिया। उसने दावा किया कि कंपनी कार और बाइक खरीदकर उन्हें किराये पर चलाती है, जिससे सालाना 200 प्रतिशत तक मुनाफा होता है।
किश्तों में ली दो लाख रुपये
पीड़ित ने बताया कि 7 मार्च 2024 को उसने पहली 50 हजार रुपये की यूनिट खरीदी। बाद में फरवरी और मार्च 2025 में आरोपी ने और निवेश के लिए दबाव बनाया और कुल दो लाख रुपये अलग-अलग किश्तों में ले लिए। बदले में आरोपी ने बांड और सर्टिफिकेट दिए, जो बाद में फर्जी साबित हुए।
जब सामने आई धोखाधड़ी
1 अप्रैल 2025 को जब अनंत ने रकम वापस मांगी, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। संदेह होने पर पीड़ित ने सर्टिफिकेट पर दिए पते की जांच की, जहां किसी भी कंपनी का पता नहीं मिला। पुलिस जांच में यह मामला सत्य पाया गया। बताया गया कि आरोपी ने पहले रुपये लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में धमकी देने लगा।
पुलिस ने किया मामला दर्ज
नई मंडी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि जल्द ही आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।