मुजफ्फरनगर। गोशाला रोड स्थित आरकेड फार्म हाउस के निदेशक और राष्ट्रीय जाट संरक्षण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विपिन कुमार ने दावा किया है कि बसपा के जिला कोषाध्यक्ष सुशील शर्मा ने उनसे 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। इस मामले पर एसएसपी के निर्देश पर पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

शहर कोतवाली पुलिस के अनुसार, 26 मार्च को दोपहर करीब 12.40 बजे फार्म हाउस पर विपिन कुमार के प्रबंधक अजय कुमार मौजूद थे, जब कुछ व्यक्ति अचानक फार्म हाउस में घुस आए। आरोप है कि इसी दौरान रामलीला टीला निवासी सुशील शर्मा अंदर प्रवेश कर गए और प्रबंधक से कहा कि वह 50 लाख रुपये उनके बेटे हैप्पी को रामलीला टीला के आवास पर दे दें। साथ ही धमकी भरे अंदाज में उन्होंने कहा कि बेटा और उनके अन्य मामलों की जानकारी थाना सिविल लाइन और कोतवाली से जुटा ली जाए।

विपिन कुमार ने तुरंत एसएसपी को शिकायत भेजी और शहर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने बताया कि पिता-पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

दूसरी ओर बसपा नेता सुशील शर्मा ने इस आरोप को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि आरकेड फार्म हाउस को लेकर उनके और विपिन कुमार के बीच न्यायालय में विचाराधीन मामला है। सुशील ने निष्पक्ष जांच की अपील करते हुए एसएसपी को प्रार्थना पत्र भी सौंपा है।