कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के दिल्ली-देहरादून हाईवे पर मुजफ्फरनगर से दिल्ली की ओर जा रहा एलपीजी से भरा तेज रफ्तार कैंटर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के कारण हाईवे पर लगभग तीन किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और आसपास के इलाके में गैस लीकेज की आशंका से हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से कैंटर को सीधा कराकर यातायात सुचारू कराया।
चालक ने किया ओवरटेक, कैंटर हुआ अनियंत्रित
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि चालक मुकेश मुजफ्फरनगर से दिल्ली की ओर एलपीजी से भरा कैंटर लेकर जा रहा था। जैसे ही वह खड़ौली चौराहे से आगे निकला, उसने अपने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान स्टेयरिंग पर नियंत्रण खो जाने के कारण कैंटर सड़क से नीचे उतरकर पलट गया।
कैंटर क्षतिग्रस्त, चालक अस्पताल में भर्ती
हादसे में कैंटर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पलटने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहगीरों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायल चालक मुकेश को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। गनीमत रही कि इस बड़े हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और गैस का रिसाव नहीं हुआ।
दो घंटे तक जाम, क्रेन से हटाया कैंटर
हादसे के बाद दिल्ली की ओर जाने वाली लेन में लंबी वाहनों की कतारें लग गईं। सुरक्षा के लिए पुलिस ने घटनास्थल से 100 मीटर पहले ट्रैफिक रोक दिया। लगभग तीन किलोमीटर तक वाहनों की रफ्तार रेंगती रही। पुलिस ने भारी क्रेन मंगवाकर पलटे हुए कैंटर को सड़क से हटाया। दो घंटे बाद जब कैंटर को किनारे किया गया, तभी ट्रैफिक सुचारू हुआ और राहगीरों ने राहत की सांस ली।