मुजफ्फरनगर में मृत पशुओं के अंतिम संस्कार के लिए स्थायी व्यवस्था की मांग को लेकर गौसेवकों ने नगर पालिका परिषद के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे गौसेवकों का कहना है कि लंबे समय से बेसहारा गौवंश की सेवा करने के बावजूद इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शहर में मृत पशुओं के अंतिम संस्कार के लिए अब तक कोई निर्धारित स्थान या सुविधा विकसित नहीं की गई है। गौसेवक नीशू ने बताया कि कई बार मांग उठाने के बावजूद नगर पालिका इस विषय पर ध्यान नहीं दे रही है।
नीशू के अनुसार, जगह के अभाव में उन्हें मृत गौवंश का अंतिम संस्कार अस्थायी रूप से करना पड़ता है, जो धार्मिक और मानवीय दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि कम से कम पांच बीघा भूमि आवंटित की जाए, जहां चारदीवारी और आवश्यक सामग्री रखने के लिए एक कक्ष की व्यवस्था भी हो।
गौसेवकों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे नंगे पांव रहकर अपना विरोध जारी रखेंगे। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने शहर की अन्य समस्याओं को भी उठाया।
उन्होंने आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर चिंता जताते हुए नसबंदी और उपचार के लिए स्थायी केंद्र बनाने की मांग की। साथ ही, बंदरों के बढ़ते आतंक को देखते हुए उन्हें सुरक्षित रूप से वन क्षेत्रों में स्थानांतरित करने की भी अपील की गई, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके।