मुजफ्फरनगर। जनपद में ईद-उल-फितर का त्यौहार हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। शहर के प्रमुख ईदगाह में हजारों मुस्लिम अकीदतमंद एकत्र हुए और देश की खुशहाली, अमन-चैन और समृद्धि के लिए दुआ मांगी।
इस अवसर पर सांसद हरेंद्र मलिक भी ईदगाह पहुंचे और अकीदतमंदों के साथ नमाज़ अदा की। नमाज़ मुफ्ती अली हसन ने कराई, जबकि शहर काजी तनवीर आलम ने विशेष दुआ पढ़ी। नमाज़ के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। ईदगाह कमेटी की ओर से अधिकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया और उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
इस वर्ष का ईद समारोह पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और प्रशासन तथा समुदाय के सहयोग से सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया गया।