मुजफ्फरनगर: रतनपुरी क्षेत्र के लोहड्डा गांव में शनिवार सुबह एक अवैध पटाखा फैक्टरी में अचानक आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। बारूद में लगी आग के बाद जोरदार धमाकों की श्रृंखला शुरू हो गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में दो किशोरों सहित पांच लोग झुलस गए, जबकि तीन अन्य लोगों के घायल होने की भी आशंका जताई जा रही है, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।

जानकारी के अनुसार, मोहम्मदपुर निवासी उमरेज का लोहड्डा गांव में घेर है, जहां लंबे समय से अवैध रूप से पटाखा निर्माण का काम चल रहा था। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे वहां रखे विस्फोटक पदार्थ में आग लग गई, जिसके बाद एक के बाद एक कई धमाके होने लगे।

धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोहड्डा और मोहम्मदपुर गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज आग और विस्फोटों के चलते वे सफल नहीं हो सके। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हादसे में हुजेफा और अब्दुल कासिम नाम के दो किशोर गंभीर रूप से झुलस गए थे, जबकि तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं फैक्टरी संचालक मौके से फरार हो गए।

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हालात की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच के दौरान पुलिस को मोहम्मदपुर गांव की दो दुकानों से बड़ी मात्रा में पटाखे भी बरामद हुए हैं।

सीओ फुगाना यतेंद्र नागर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इसी बीच इलाज के दौरान गंभीर रूप से झुलसे किशोर अब्दुल कासिम की रविवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गई। वह हाल ही में कक्षा 10 की परीक्षा देकर आगे की पढ़ाई की तैयारी कर रहा था। उसकी मौत की खबर से परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है।