मेरठ/पश्चिमी यूपी। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव का असर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी दिखाई देने लगा है। मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, बिजनौर, सहारनपुर और शामली में तेल व गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से आम लोगों के साथ-साथ उद्योग और कारोबार भी प्रभावित हो रहे हैं। पेट्रोलियम उत्पादों, गैस और कच्चे माल के दाम बढ़ने से घरेलू रसोई से लेकर छोटे-बड़े उद्योगों तक परेशानी बढ़ गई है। होटल, रेस्टोरेंट और शादी-समारोहों में भी गैस की कमी की शिकायतें सामने आ रही हैं।

मेरठ में सिलिंडर की कमी से बढ़ी परेशानी

मेरठ में कई जगह गैस सिलिंडर की आपूर्ति प्रभावित होने से उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गृहिणी सुनीता का कहना है कि बुकिंग कराने के बाद भी समय पर सिलिंडर नहीं मिल रहा। गढ़ रोड समेत कई गैस एजेंसियों पर उपभोक्ता सिलिंडर के लिए इंतजार करते देखे गए।
ब्रेवुरा होटल के संचालक शेखर भल्ला ने बताया कि जिन होटलों में पाइप लाइन गैस (पीएनजी) की सुविधा है, वहां भी लाइव स्टॉल के लिए सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। इससे होटल, रेस्टोरेंट और खासतौर पर कैटरिंग कारोबारियों को ज्यादा परेशानी हो रही है। मेरठ होटलियर्स एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के महामंत्री विपुल सिंघल के अनुसार सिलिंडर की कमी का असर छोटे ठेलों से लेकर बड़े होटलों तक पड़ रहा है।

सहारनपुर में होटल कारोबार पर असर

सहारनपुर में भी गैस आपूर्ति को लेकर हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। यहां कई होटल और रेस्टोरेंट में पाइप लाइन से मिलने वाली गैस की सप्लाई रोक दी गई है, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। जिले में करीब 8.33 लाख गैस उपभोक्ता हैं और प्रतिदिन लगभग 17 हजार सिलिंडर बुक किए जाते हैं।
जिले में 61 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। सरकार ने गैस बुकिंग के अंतराल को 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया है, जिसके कारण उपभोक्ताओं को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। कई लोगों ने शिकायत की है कि बुकिंग के चार-पांच दिन बाद भी सिलिंडर की डिलीवरी नहीं हो पा रही है।

शामली में व्यावसायिक सिलिंडर की किल्लत

शामली जिले में पिछले तीन दिनों से कमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति प्रभावित बताई जा रही है। इससे होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई कारोबारियों के सामने मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। कुछ दुकानदारों के पास पुराना स्टॉक बचा हुआ है, जबकि कई का खत्म हो चुका है।
उत्तर प्रदेश व्यापार प्रतिनिधि मंडल के मंडल अध्यक्ष धनश्याम दास गर्ग ने इस मुद्दे को लेकर जिलाधिकारी से मिलने की बात कही है।

मुजफ्फरनगर में स्थिति फिलहाल सामान्य

मुजफ्फरनगर जिले में फिलहाल गैस आपूर्ति सामान्य बताई जा रही है। यहां लगभग छह लाख घरेलू गैस उपभोक्ता हैं। आईजीएल की ओर से पीएनजी की सप्लाई जारी है और फिलहाल बड़े स्तर पर कोई समस्या सामने नहीं आई है।

बागपत में कॉमर्शियल गैस पर रोक

बागपत में घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने के लिए कमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति रोक दी गई है। जिले में हर महीने करीब दो हजार कमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति होती है। वहीं बुकिंग के समय में बदलाव के कारण अब एजेंसियों पर गैस की गाड़ी रोजाना आने के बजाय एक दिन के अंतराल पर पहुंच रही है।

बिजनौर में बढ़ी मांग, कमर्शियल सिलिंडर खत्म

बिजनौर में घरेलू गैस की मांग बढ़ने लगी है। कई लोग भविष्य में संभावित दिक्कत को देखते हुए अतिरिक्त सिलिंडर की व्यवस्था करने की कोशिश कर रहे हैं। जिन उपभोक्ताओं ने 25 दिन के अंदर ही गैस ले ली थी, उनकी नई बुकिंग नहीं हो पा रही है।
दूसरी ओर कमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति लगभग बंद हो चुकी है। कुछ ही एजेंसियों पर सीमित स्टॉक बचा है, जबकि अधिकतर जगह खत्म हो गया है। इससे होटल और रेस्टोरेंट संचालकों की चिंता बढ़ गई है।