मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में ड्रीम सिटी के पास हुई, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक आल्टो कार को जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद के श्रीनगर स्थित मिस्त्रीनगर निवासी 34 वर्षीय आकाश भारती अपने साथियों प्रदीप और कैलाश के साथ मंगलवार रात कार से दिल्ली जा रहे थे। सुबह करीब 3 बजे जैसे ही उनकी गाड़ी हाईवे पर ड्रीम सिटी के पास पहुंची, सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने नियंत्रण खोते हुए उनकी कार में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि आवाज दूर तक सुनाई दी और दोनों वाहनों में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके से गुजर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में इलाज के दौरान आकाश भारती ने दम तोड़ दिया, जबकि उनके दोनों साथियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। कुछ समय बाद स्कॉर्पियो चला रहा युवक भी जिंदगी की जंग हार गया। पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो चालक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है और शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक आकाश भारती के परिजन अस्पताल पहुंच गए। मृतक के ससुर, हरियाणा के यमुनानगर निवासी सुशील कुमार ने स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।