मुजफ्फरनगर। कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने जिले के संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त का अभियान चलाया। यह अभियान नवागत एसपी देहात महादिक अक्षय संजय के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बुढाना, शाहपुर और रतनपुरी थानों की पुलिस फोर्स ने सक्रिय भागीदारी दिखाई।

गश्त के दौरान पुलिस टीम ने बुढाना कोतवाली क्षेत्र के महावीर तिराहा, छोटा बाजार और बड़ा बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी और स्थानीय लोगों तथा व्यापारियों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया।

पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी असामान्य या संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। एसपी देहात महादिक अक्षय संजय ने बताया कि जिले में शांति बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और ऐसे गश्त अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है और कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।