शामली। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने कैराना क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार को बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। करीब 29 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।

यह अभियान सहारनपुर मंडलायुक्त एवं प्राधिकरण की उपाध्यक्ष कविता मीना के निर्देश पर चलाया गया। कार्रवाई के दौरान चार अलग-अलग स्थानों को चिन्हित कर वहां हो रहे अवैध निर्माण को हटाया गया।

जानकारी के मुताबिक, खसरा संख्या 1276 में लगभग 4 बीघा, खसरा संख्या 1410 में करीब 10 बीघा, ईदगाह के पीछे लगभग 13 बीघा और कैराना बाईपास मोड़ पर करीब 2 बीघा भूमि पर बिना अनुमति के प्लॉटिंग की जा रही थी।

प्राधिकरण द्वारा पहले ही संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई थी। चालानी कार्रवाई के बाद भी निर्माण नहीं हटाए जाने पर ध्वस्तीकरण का फैसला लिया गया।

कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के अभियंता और अन्य अधिकारी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे, वहीं सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात रहा। इस कार्रवाई के बाद अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने वालों में हलचल देखी जा रही है।

प्रशासन ने साफ किया है कि बिना स्वीकृति के किसी भी तरह की प्लॉटिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।