मुजफ्फरनगर: विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा अभियान चलाया। एमडीए उपाध्यक्ष कविता मीना के निर्देश पर टीम ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में कार्रवाई करते हुए करीब 11,500 वर्ग मीटर क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
अवर अभियंता भरत पाल के अनुसार, यह कार्रवाई प्राधिकरण के जोन-2 क्षेत्र में की गई। जानसठ रोड स्थित शेरनगर इलाके में एक व्यक्ति द्वारा लगभग 2,500 वर्ग मीटर भूमि पर बिना अनुमति निर्माण कराया गया था, जिसे टीम ने गिरा दिया।
इसके अलावा नई मंडी क्षेत्र में जानसठ रोड पर मेट्रो कुर्सी गोदाम के पास करीब 9,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग का मामला सामने आया। यहां एक कॉलोनाइजर द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के प्लॉट काटे जा रहे थे। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर इस अवैध कॉलोनी को भी ध्वस्त कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि इन निर्माणों के खिलाफ पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे और नियमानुसार चालान भी किया गया था। इसके बावजूद संबंधित लोगों ने अवैध निर्माण नहीं हटाए, जिसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई गई।
प्राधिकरण ने साफ किया है कि भविष्य में भी ऐसे अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।